किताबों से निकलकर खेल के मैदान में उतरेंगे RIMS के मेडिकल छात्र, वार्षिक खेल महोत्सव ‘पैलेस्ट्रा’ का आगाज
रांची: मेडिकल की चुनौतीपूर्ण पढ़ाई, मरीजों की देखभाल और व्यस्त शैक्षणिक दिनचर्या के बीच अब RIMS के छात्र खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगे। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS), रांची में सोमवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘पैलेस्ट्रा’ का शुभारंभ हुआ। इस आयोजन के जरिए मेडिकल छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के तनाव से इतर खेल, फिटनेस और आपसी प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन संस्थान के निदेशक डीके सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक डीके सिन्हा ने कहा कि एक अच्छा चिकित्सक बनने के लिए केवल अकादमिक प्रदर्शन पर्याप्त नहीं है। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी उतना ही जरूरी है। खेलकूद विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से प्रतियोगिता में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेने की अपील की। साथ ही कहा कि खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और सहभागिता है। ‘पैलेस्ट्रा’ के तहत विभिन्न खेलों और एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें मेडिकल छात्र अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को नियमित खेल गतिविधियों से जोड़ना और उनके बीच फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। चिकित्सा शिक्षा की व्यस्त दिनचर्या में खेलकूद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को मानसिक ताजगी देने के साथ आपसी मेलजोल और सहयोग का अवसर भी प्रदान करती हैं। संस्थान परिसर में प्रतियोगिता के आगाज के साथ ही उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में प्रोफेसर इंचार्ज स्टूडेंट सेक्शन, सब-डीन, विभिन्न विभागों के फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।बेहतर डॉक्टर बनने के लिए फिटनेस भी जरूरी
मैदान में दिखेगा छात्रों का दमखम
पढ़ाई के दबाव के बीच मिलेगी नई ऊर्जा















