बच्चों को कॉन्सर्ट में मत भेजना, वरना होगा धमाका, दिलजीत के शो को लेकर धमकी
इंदौर: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में प्रस्तावित कॉन्सर्ट से पहले धमकी भरे ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया है। तीन निजी स्कूलों और इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को पंजाबी भाषा में भेजे गए ईमेल में कॉन्सर्ट के दौरान बम धमाके की धमकी दी गई है। ईमेल में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का नाम इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में ये ईमेल फर्जी यानी होक्स प्रतीत हो रहे हैं। ईमेल में स्कूल प्रबंधन को चेतावनी दी गई है कि वे अपने विद्यार्थियों को दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में न भेजें। ऐसा नहीं करने पर बम धमाका करने की बात कही गई है। धमकी में आईईडी विस्फोट का भी उल्लेख किया गया है। कुछ रिपोर्टों में मुंबई स्थित अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ का भी जिक्र किए जाने की बात सामने आई है। धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तीनों निजी स्कूलों में बम निरोधक दस्ते से जांच कराई। तलाशी के दौरान किसी तरह का विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया के मुताबिक, शुरुआती जांच में ईमेल फर्जी प्रतीत हो रहे हैं। हालांकि, पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी तकनीकी जांच करा रही है। क्राइम ब्रांच ईमेल के स्रोत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इन्हें भेजने वालों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच में ठोस सबूत मिलने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कॉन्सर्ट के आयोजकों की ओर से कार्यक्रम की अनुमति के लिए अब तक आवेदन नहीं किया गया है। दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ‘ऑरा वर्ल्ड टूर’ के भारत चरण पर हैं। हाल ही में दिल्ली में उनका कार्यक्रम आयोजित हुआ था। फिलहाल पुलिस धमकी भरे ईमेल की सत्यता, उनके स्रोत और संभावित मंशा की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।स्कूलों को चेतावनी, छात्रों को कॉन्सर्ट में नहीं भेजने की धमकी
बम निरोधक दस्ते ने स्कूलों में की जांच
क्राइम ब्रांच जुटा रही ईमेल भेजने वालों की जानकारी
कॉन्सर्ट की अनुमति के लिए आवेदन नहीं















