झारखंड में 6 नवंबर से बदलेगा मौसम, 3 से 4 डिग्री तक गिरेगा पारा: छठ में बढ़ेगी ठंड
रांची: नवंबर का पहला सप्ताह शुरू होने के बावजूद झारखंड में अभी तक गुलाबी ठंड का अहसास नहीं हो रहा है। दिन और रात के तापमान में सामान्य से अधिक बढ़ोतरी के कारण लोगों को गर्मी महसूस हो रही है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बादल छंटने के बाद 6 नवंबर से राज्य के न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे छठ पर्व के दौरान ठंड का असर बढ़ सकता है। हिमालयी ठंडी हवाओं का असर फिलहाल कम मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के निदेशक एवं वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि हिमालय में बर्फबारी होने के बाद वहां से उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चलती हैं। लेकिन फिलहाल चक्रवाती तंत्र और बादलों के कारण इन हवाओं का प्रभाव झारखंड तक नहीं पहुंच पा रहा है। इसी वजह से नवंबर के शुरुआती दिनों में भी लोगों को अपेक्षित ठंड महसूस नहीं हो रही है। चक्रवात ‘मुरासु’ का झारखंड पर खास असर नहीं मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, चक्रवात ‘मुरासु’ का झारखंड में कोई खास प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। इसके असर से कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 4 नवंबर को सिमडेगा और कोल्हान के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी के आसार हैं। 5 नवंबर से राज्य के विभिन्न हिस्सों में सुबह कोहरा या धुंध छाने के बाद आसमान साफ रहने का अनुमान है। रांची और जमशेदपुर में सामान्य से अधिक रहा न्यूनतम तापमान मंगलवार को रांची का न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक था। वहीं, जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। गिरिडीह में सबसे अधिक बारिश, लातेहार रहा सबसे ठंडा पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 20.8 मिमी बारिश गिरिडीह के बर्कीसुरैया में दर्ज की गई। इसके अलावा पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में 15.2 मिमी और मंझारी में 12.2 मिमी वर्षा हुई। तापमान की बात करें तो पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लातेहार राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।















