रांची: राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बड़ा तालाब के समीप एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कर्बला चौक निवासी मोहम्मद सरवर के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों की नजर बड़ा तालाब के पास संदिग्ध अवस्था में पड़े युवक के शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम के लिए RIMS भेजा गया शव

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले की जांच के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक बड़ा तालाब के पास कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा था।

हादसा, आत्महत्या या हत्या, सभी पहलुओं पर जांच

फिलहाल पुलिस युवक की मौत को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। हादसा, आत्महत्या या किसी साजिश के तहत हत्या, सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।