जामताड़ा:  जिले में सोमवार रात हुए सड़क हादसे में 24 वर्षीय आदिवासी युवक की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-साहिबगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर पबिया के केंदुआटांड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे से नाराज लोगों ने करीब चार घंटे तक सड़क जाम रखी। इसी दौरान घटनास्थल पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।

जतरा देखने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

मृतक की पहचान देवघर जिले के करौं थाना क्षेत्र के बांदडीह गांव निवासी आकाश सोरेन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह उदयपुर में आयोजित जतरा देखने जा रहे थे। इसी दौरान पबिया के केंदुआटांड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि आकाश की मौके पर ही मौत हो गई।

चार घंटे तक जाम रहा राष्ट्रीय राजमार्ग

युवक की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोग और आदिवासी समाज के लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर गोविंदपुर-साहिबगंज राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। सड़क अवरुद्ध होने से यातायात प्रभावित हुआ और कई रात्रि बसें रास्ते में फंस गईं।

इसी रात उदयपुर में आयोजित जतरा का उद्घाटन करने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को हादसे की जानकारी मिली। प्रदर्शनकारियों की मांग पर मंत्री घटनास्थल पर पहुंचे।

'एक एंबुलेंस तक नहीं मंगवा पाए?'

मंत्री के पहुंचते ही आक्रोशित लोगों ने उन्हें घेर लिया और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। लोगों की नाराजगी मुख्य रूप से हादसे के बाद एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं होने को लेकर थी।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग मंत्री से कहते सुनाई दे रहे हैं, 'आप किस नाम के स्वास्थ्य मंत्री हैं कि एक एंबुलेंस तक नहीं मंगवा पाए? आदिवासी मरा है, इसलिए? कौन काम के मंत्री हैं आप? चलिए, जाइए यहां से, निकलिए!'

इस दौरान लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की और मंत्री से जवाब मांगा। मंत्री ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की तथा मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।

एक ही रात में हुए तीन सड़क हादसे

बताया गया है कि सोमवार रात जिले में कुल तीन सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इन हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। लगातार हुई दुर्घटनाओं ने जिले में सड़क सुरक्षा और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

स्वास्थ्य मंत्री के घेराव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। भाजपा नेता अमर बाउरी समेत कई लोगों ने इसे साझा करते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। हादसे के बाद लोगों की नाराजगी और मंत्री के सामने उठाए गए सवालों को लेकर राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है।