छठ घाटों की सफाई और रास्तों की मरम्मत को लेकर बैठक, समय से पहले पूरी होगी तैयारी
पोटका: छठ पूजा के मद्देनजर घाटों की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज के नेतृत्व में कमल तालाब के समीप बैठक आयोजित की गई। बैठक में छठ घाटों की सफाई और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत कराने को लेकर चर्चा हुई। बैठक में प्रकाश सोनकर, नंदू सोनकर, बिरजू केडिया, कृष्ण गुप्ता, राजू गुप्ता, प्रीतम राय, चिंटू अग्रवाल, विकास गुप्ता समेत कई लोग उपस्थित थे। बैठक में निर्णय लिया गया कि छठ पूजा से पहले घाटों की बेहतर तरीके से साफ-सफाई कराई जाएगी। इसके साथ ही घाट तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत भी की जाएगी, ताकि छठव्रतियों को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में मौजूद लोगों ने श्रमदान और आपसी सहयोग से सफाई कार्य में योगदान देने का संकल्प लिया। मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने कहा कि छठ आस्था का महान पर्व है। इसे देखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएंगी, ताकि छठव्रती सुगमता से सूर्यदेव की उपासना कर सकें।














