पोटका: पोटका थाना के समीप सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क किनारे खड़ा 407 ट्रक अचानक लुढ़कते हुए गैरेज में जा घुसा। हादसे में गैरेज संचालक उज्ज्वल साहू बाल-बाल बच गए, जबकि मरम्मत के लिए आई एक स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रक की टक्कर से गैरेज को भी नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार, बंगाल से आलू लेकर एक 407 ट्रक पोटका पहुंचा था। आलू खाली करने के बाद चालक ने ट्रक को पोटका थाना के समीप सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसके बाद वह खलासी के साथ नाश्ता करने के लिए पास के होटल चला गया।

बताया जाता है कि चालक ने ट्रक में हैंडब्रेक नहीं लगाया था। इसी दौरान ट्रक अचानक लुढ़कने लगा और सड़क किनारे स्थित उज्ज्वल साहू के गैरेज में जा घुसा। घटना के समय उज्ज्वल साहू गैरेज में एक स्कूटी की मरम्मत कर रहे थे। ट्रक को अपनी ओर आता देख उन्होंने किसी तरह वहां से हटकर जान बचाई।

इस हादसे में मरम्मत के लिए आई स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं गैरेज को भी नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।