हजारीबाग: केरेडारी थाना क्षेत्र के मनातू में एलएंडटी के कन्वेयर बेल्ट के पास मंगलवार की अहले सुबह गोलीबारी का दावा सोशल मीडिया पर किया गया। राहुल दुबे गैंग के नाम से जारी पोस्ट में 7-8 राउंड फायरिंग की जिम्मेदारी लेने की बात कही गई है। हालांकि, केरेडारी थाना प्रभारी ने गोलीबारी की किसी घटना से इनकार किया है।

सोशल मीडिया पोस्ट में कंपनी को धमकी

पोस्ट में दावा किया गया कि मंगलवार सुबह करीब 2 से 3 बजे के बीच फायरिंग की गई। संदेश में फोन कॉल को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए कंपनी प्रबंधन को धमकी दी गई। मांगें पूरी नहीं होने पर अगली बार बम चलाने की चेतावनी भी दी गई। पोस्ट में राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला के नाम लिखे गए हैं।

थाना प्रभारी बोले- दहशत फैलाने की कोशिश

केरेडारी थाना प्रभारी ने क्षेत्र में गोली चलने की घटना से इनकार करते हुए कहा कि लेवी वसूली के नाम पर दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भय का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

दो दिनों में दूसरी बार फायरिंग का दावा

गौरतलब है कि केरेडारी क्षेत्र में एलएंडटी के कैंप और औद्योगिक गतिविधियों को लेकर दो दिनों के भीतर दूसरी बार सोशल मीडिया पर गोलीबारी का दावा सामने आया है। इससे पहले भी गैंग के नाम से पोस्ट जारी कर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने की बात कही गई थी। उस समय भी पुलिस अधीक्षक ने गोलीबारी की पुष्टि नहीं की थी।

फिलहाल ताजा मामले में भी सोशल मीडिया पोस्ट के दावे और पुलिस के बयान में अंतर है। गोलीबारी की घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।