चतरा में पांच लाख की अफीम बरामद, 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार; पिता भी जा चुका है जेल
चतरा: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन के तहत चतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर थाना क्षेत्र के शेरेगड्डा नाला के पास छापेमारी कर पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से स्टील के केन में छिपाकर ले जाई जा रही एक किलो 80 ग्राम गीली अफीम बरामद हुई है। इसकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। एसडीपीओ सन्नी वर्धन के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि शेरेगड्डा नाला के पास एक व्यक्ति स्टील के केन में अफीम लेकर बिक्री के लिए जा रहा है। इसके बाद विशेष टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में केन से अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सिंदुरिया निवासी अखिलेश कुमार (20), पिता देवराज यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अखिलेश ने बताया कि उसके पिता भी अफीम के अवैध कारोबार से जुड़े रहे हैं और तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि अफीम तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। अभियान आगे भी जारी रहेगा। छापेमारी टीम में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक प्रियेश प्रसुन और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।पुलिस को देखकर भागने लगा युवक
पिता भी अफीम तस्करी में जा चुका है जेल
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी














