गिरिडीह: पचंबा थाना क्षेत्र के खावा गांव में ससुर और बहू की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे एकतरफा प्रेम प्रसंग की वजह सामने आई है।

एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि 23 नवंबर की सुबह करीब 4:35 बजे पुलिस को गांव में एक महिला और पुरुष की हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के बाहर दोनों के शव बरामद किए। मृतकों की पहचान शीला देवी और उनके ससुर सुकर मंडल के रूप में हुई।

जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर गांव के ही वासुदेव मंडल (38) की संलिप्तता सामने आई। वारदात के बाद फरार आरोपी को पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी सहयोग से जमुआ थाना क्षेत्र के करमाटांड़ से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून लगा टांगी समेत अन्य सामान बरामद किया गया।