रांची। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर चुनाव आयोग को घेरा, जबकि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने SIR प्रक्रिया का बचाव करते हुए राज्य सरकार के रुख पर सवाल उठाए। दोनों नेताओं के बयानों से राज्य में इस मुद्दे पर सियासी घमासान तेज हो गया है।

प्रदीप यादव का दावा- 38 लाख वैध मतदाताओं के नाम हटाए गए

कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने दावा किया कि झारखंड में 38 लाख वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों ने अपने नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन दिए हैं। उनके अनुसार, नाम हटाए जाने और पुनः नाम जोड़ने से जुड़े कई मामले अदालतों तक भी पहुंच चुके हैं।

बाबूलाल मरांडी ने SIR को बताया संवैधानिक प्रक्रिया

विशेष सत्र में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार की ओर से लाए गए राजकीय संकल्प का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार SIR के मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रही है। विशेष सत्र बुलाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए मंत्रिपरिषद की बैठक नहीं हुई और कैबिनेट की स्वीकृति की प्रत्याशा में सदन बुला लिया गया।

मरांडी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कराया जा रहा विशेष गहन पुनरीक्षण पूरी तरह संवैधानिक और वैधानिक प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध करना है, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम छूटे नहीं और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के वैधानिक अधिकारों को राजनीतिक संकल्प के जरिए कमजोर करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जानी चाहिए।

प्रारूप सूची और अंतिम सूची में अंतर समझने की दी सलाह

बाबूलाल मरांडी ने संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर की ओर से सदन में पेश किए गए आंकड़ों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार जिस सूची के आंकड़ों की चर्चा कर रही है, वह अभी अंतिम रूप से प्रकाशित नहीं हुई है।

मरांडी के अनुसार, प्रारूप मतदाता सूची में नाम नहीं होना, नोटिस जारी होना और अंतिम रूप से नाम काटा जाना अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन प्रक्रियाओं को एक साथ रखकर जनता के बीच भ्रम पैदा कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं है और पूर्व में कांग्रेस शासनकाल में भी यह कई बार हो चुकी है। इसे नागरिकता समाप्त करने की प्रक्रिया से जोड़ना गलत है।

फर्जी दस्तावेजों की जांच की मांग, घुसपैठ का भी उठाया मुद्दा

मरांडी ने फर्जी दस्तावेजों की जांच को जरूरी बताते हुए दावा किया कि जमशेदपुर और राज्य के अन्य हिस्सों में अफगानी एवं ईरानी नागरिक मिले हैं तथा फर्जी दस्तावेजों के जरिए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की खबरें सामने आ रही हैं।

उन्होंने अवैध रूप से देश में रहने वाले लोगों और प्रताड़ना के कारण पड़ोसी देशों से आए हिंदू शरणार्थियों के बीच अंतर बताते हुए अपनी बात रखी। मरांडी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया किसी विशेष समुदाय को निशाना बनाने के लिए नहीं है।

फिलहाल SIR को लेकर विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। एक ओर जहां सरकार की ओर से इस प्रक्रिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं, वहीं विपक्ष इसे निर्वाचन आयोग का संवैधानिक अधिकार बता रहा है।