नाबालिग ने खुद थाने पहुंचकर सुनाई आपबीती, तीन घंटे में हिरासत में लिए गए दोनों आरोपी
चैनपुर: झारखंड के गुमला जिले में नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। चैनपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को नाबालिग लड़की करमा पर्व मनाने के लिए दूसरे गांव से केराबार ठूठा टोली पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान रात करीब आठ बजे दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के अगले दिन, 1 नवंबर की सुबह पीड़िता खुद चैनपुर थाना पहुंची और थाना प्रभारी को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िता की शिकायत मिलते ही चैनपुर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब तीन घंटे के भीतर केराबार ठूठा टोली से दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग है, जबकि दूसरे की पहचान 21 वर्षीय दयानंद सिंह के रूप में हुई है। वह जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। वर्तमान में वह केराबार ठूठा टोली में अपनी मुंहबोली फुआ के घर रहकर खेती-बाड़ी का काम करता था। पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गुमला भेजा गया। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। नाबालिग पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है।करमा पर्व मनाने आई थी नाबालिग
शिकायत के तीन घंटे में दोनों आरोपी हिरासत में
पीड़िता की मेडिकल जांच, आगे की कार्रवाई जारी















