गोविंदपुर में त्योहार शांतिपूर्ण संपन्न कराने पर थाना प्रभारी समेत पूरी पुलिस टीम सम्मानित
धनबाद: धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में छठ, काली पूजा, दुर्गापूजा और मुहर्रम जैसे प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए नागरिक समिति की ओर से पुलिस टीम को सम्मानित किया गया। इस मौके पर हरदेवराम पुस्तकालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत, एसआई प्रमोद कुमार मिश्रा समेत पूरी पुलिस टीम को उनके कार्यों के लिए सम्मान दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मुखिया गुल्लू अंसारी और वाणी मंदिर दुर्गापूजा समिति के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने की। वक्ताओं ने कहा कि पुलिस टीम ने दिन-रात मेहनत कर सभी पूजा स्थलों और त्योहारों के दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। पुलिस के प्रयासों से क्षेत्र में सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत ने कहा कि एलिवेटेड रोड निर्माण के कारण इस बार त्योहारों के दौरान कई चुनौतियां थीं। हालांकि, आम जनता और विभिन्न पूजा समितियों के सहयोग से सभी पर्व-त्योहार भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न हुए। समारोह में छठ घाट की व्यवस्था में सहयोग करने वाले नंदलाल अग्रवाल, धीरज शर्मा और राहुल सिंह को भी सम्मानित किया गया। वहीं, चेंबर सचिव संजय साव के निधन पर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की सराहना
जनता और समितियों के सहयोग से मिली सफलता
छठ घाट की व्यवस्था में सहयोग करने वाले भी सम्मानित















