गुमला: जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में संचालित जुए के अड्डों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी हरिश बिन जामां को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की देर रात पुलिस टीम ने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान जुआ खेलते हुए कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 4 लाख 82 हजार रुपये नकद और कई मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुमला एसपी को घाघरा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने विशेष छापेमारी दल का गठन किया और घाघरा पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद गुरुवार की अर्धरात्रि पुलिस टीम ने जुए के ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस की इस कार्रवाई से जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके से 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में जयपाल साहू, शशि भूषण ठाकुर, नीरज कुमार, मनोज सिंह, संदीप कुमार साहू, ज्योतिम प्रसाद, संदीप साहू, शिव प्रसाद साहू, परमेश्वर साय, विनोद महतो, ललन साहू, पंकज कुमार गुप्ता, मंटू कुमार साहू, प्रदीप प्रसाद, रविंद्र कुमार गुप्ता, बसंत साहू और बृजेश कुमार भगत शामिल हैं।

पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में गुमला भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद घाघरा क्षेत्र में अवैध जुए के कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।