प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ने कहा- अपनी परंपराओं का शुद्धता के साथ करें निर्वहन, दीपावली और छठ सात्विकता से मनाने की अपील
जामताड़ा: सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा में विशेष प्रातःकालीन सभा के दौरान छठ महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने छठ घाट की आकर्षक झांकी प्रस्तुत कर लोक आस्था के महापर्व छठ की परंपरा और संस्कृति को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने छठ पर्व से जुड़े पारंपरिक गीत प्रस्तुत किए। झांकी में दौरा, सूप, फल, गन्ना और केले के पत्तों सहित पूजा में उपयोग होने वाली पारंपरिक सामग्रियों को शामिल किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति इतनी जीवंत थी कि ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो मंच पर छठ घाट का दृश्य साकार हो उठा हो। इस दौरान छठ के पारंपरिक गीतों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति की सराहना करते हुए प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ने कहा कि हमें अपनी परंपराओं का निर्वहन शुद्ध मन से करना चाहिए। छठ आस्था और प्रकृति की उपासना का पर्व है। दीपावली के बाद छठ महापर्व का शुभारंभ होगा। अपनी पौराणिक और आध्यात्मिक धरोहरों को जीवंत रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सूर्य ऊर्जा का सबसे बड़ा और प्रमुख स्रोत है। छठ पर्व में प्रकृति और सूर्य की उपासना की जाती है। यह पर्व हमें प्रकृति को स्वच्छ रखने का संदेश भी देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि अनावश्यक रूप से पटाखे जलाकर प्रदूषण न फैलाएं और पूर्ण सात्विकता के साथ दीपावली एवं छठ का त्योहार मनाएं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को त्योहारों की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम का संगीत संयोजन स्नेह प्रभात दुबे ने किया। वहीं, अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को तैयार करने और कार्यक्रम के सफल संयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई














