घाघरा: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को घाघरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी सुशील कुमार खाखा ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पूजा समिति के सदस्यों और शांति समिति के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित गुमला एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की बिंदुवार जानकारी पूजा समिति के सदस्यों से ली। इस दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने को लेकर चर्चा की गई।

शाम 6:30 से रात 9 बजे तक भारी वाहनों पर रोक

दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों के आग्रह पर महाष्टमी से लेकर दुर्गा पूजा के समापन तक प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से रात 9 बजे तक भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। इस व्यवस्था का उद्देश्य पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में होने वाली परेशानी से बचाना और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

शांतिपूर्ण पूजा मनाने की अपील

एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने घाघरा के लोगों और पूजा समिति के सदस्यों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सभी लोग प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

वहीं, घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन हर कदम पर लोगों के सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने आम नागरिकों और पूजा समितियों से प्रशासन को सहयोग देने की अपील की, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

बैठक में ये लोग रहे मौजूद

बैठक में जेएसआई विकास अनिरुद्ध चौबे, ध्यान साहू, अरुण पांडेय, गोपाल साहू, मोहर यादव, कमलेश ठाकुर, मिथलेश महापात्र, रंजीत सिंह, संजय सिंह, अखिलेश साहू, दीपक कुमार गुप्ता, अमित कुमार गुप्ता, राजा गुप्ता, हरिपाल सिंह, विजेंद्र सिंह और दीपक महली सहित शांति समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।

प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की कि दुर्गा पूजा के दौरान आपसी सद्भाव बनाए रखें और किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।