जामताड़ा:  गोरायनाला मंडल अंतर्गत सिउलीबाड़ी पंचायत के कुशियारा गांव में भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरधारी मंडल की अध्यक्षता में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मेडिकल टीम ने सैकड़ों ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की।

शिविर के दौरान ग्रामीणों का ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन समेत विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। जांच के बाद चिकित्सकों ने लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया। जरूरत के अनुसार उपलब्ध दवाओं का भी निःशुल्क वितरण किया गया।

मौके पर मौजूद भाजपा नेता मनीष दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले में दूसरे दिन गोरायनाला मंडल के कुशियारा गांव में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।

उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में स्वास्थ्य सबसे महत्वपूर्ण है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है। खान-पान और दैनिक दिनचर्या का स्वास्थ्य पर सीधा प्रभाव पड़ता है। स्वस्थ जीवन के लिए पौष्टिक एवं संतुलित आहार के साथ योग को भी दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी गई।

मनीष दुबे ने कहा कि भाजपा की ओर से समाज के अंतिम पायदान तक सेवा कार्य पहुंचाने के उद्देश्य से सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया है।

वहीं, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जयदीप मलिक ने बताया कि मनीष दुबे के आमंत्रण पर शिविर आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की गई और आवश्यक परामर्श दिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी ग्रामीण को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा से वंचित होने से बचाना है।

शिविर में सीएचओ असरिता किस्कू, एचएम मो. असगर अंसारी, एएनएम रंजू देवी और फार्मासिस्ट श्याम किशोर रविदास समेत मेडिकल टीम मौजूद रही।

शिविर के सफल आयोजन में मंडल अध्यक्ष गिरधारी मंडल, भाजपा नेता अमर मंडल, नीलिमा दे सहित अन्य कार्यकर्ताओं की भूमिका रही।