चाईबासा:  सोनुआ-बारी मुख्य सड़क पर सतपुरी गांव के समीप हुए सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, सोनुआ के उदयपुर निवासी 18 वर्षीय सुशील गागराई अपनी 18 वर्षीय पत्नी चांदमुनी सांवैया के साथ मोटरसाइकिल से अपने ससुराल विर्दावन जा रहे थे। इसी दौरान सतपुरी गांव के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सोनुआ पुलिस को घटना की सूचना दी। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोनुआ पहुंचाया गया। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने चांदमुनी सांवैया को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, गंभीर रूप से घायल सुशील गागराई को प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोट की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर किया गया है।

सोनुआ पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

108 एंबुलेंस को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष ने उठाए सवाल

घटना की सूचना मिलने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष गुरुचरण नायक अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर में 108 एंबुलेंस मौजूद होने के बावजूद घायल मरीज को रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर नाराजगी जताई और राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठाए।

गुरुचरण नायक ने आरोप लगाया कि इमरजेंसी की स्थिति में मरीज को एंबुलेंस नहीं मिलना स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाता है।

वहीं, 108 एंबुलेंस के कर्मचारी के अनुसार, एंबुलेंस के तीन टायर खराब हैं, जिसके कारण रेफर किए गए मरीज को चाईबासा ले जाना संभव नहीं था। कर्मचारी ने बताया कि नए टायर उपलब्ध कराने के लिए जिला एंबुलेंस अधिकारी को आवेदन भेजा गया है।

फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। वहीं, घायल सुशील गागराई का इलाज सदर अस्पताल चाईबासा में जारी है।