देवघर आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर देवघर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी अब पूरी ताकत के साथ जनसंपर्क में जुट गए हैं। इसी क्रम में मेयर पद के प्रत्याशी रवि राउत ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया।नामांकन से पूर्व रवि राउत ने बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर पूजा अर्चना की और बाबा का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों का व्यापक भ्रमण किया। इस दौरान उनके साथ समर्थकों की भारी भीड़ देखी गई जिससे पूरे शहर में चुनावी माहौल नजर आया। समर्थकों ने नारेबाजी कर अपने प्रत्याशी के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया।मीडिया से बातचीत में रवि राउत ने कहा कि वे घर घर जाकर आम लोगों से मिल रहे हैं और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुन और समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें मौका देती है, तो प्राथमिकता के आधार पर नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।रवि राउत ने आगे कहा कि उनका लक्ष्य देवघर को एक सुव्यवस्थित स्वच्छ और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने देवघर को बनारस की तर्ज पर विकसित करने की बात कही ताकि धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ शहर का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।जैसे जैसे नगर निगम चुनाव नजदीक आ रहे हैं वैसे वैसे देवघर में चुनावी मुकाबला और भी रोचक होता जा रहा है।