गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा में शनिवार सुबह एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने किराये के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि घटना से पहले छात्रा ने अपने छोटे भाई को मोबाइल पर मैसेज भेजकर आत्महत्या करने की मंशा जाहिर की थी।मृतका की पहचान पूजा कुमारी मंडल के रूप में हुई है जो मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कासियाडीह निवासी परमेश्वर मंडल की पुत्री थी। पूजा कक्षा 11 की छात्रा थी और जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज स्थित लंगटा बाबा कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई और कोचिंग की तैयारी के लिए वह पिछले करीब आठ महीनों से नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा में दीपक कुमार सिंह के मकान में किराये पर रह रही थी।शनिवार सुबह करीब 11 बजे पूजा ने अपने छोटे भाई विशाल कुमार मंडल को मैसेज भेजा कि वह आत्महत्या करने जा रही है। मैसेज मिलते ही विशाल अपने दोस्तों के साथ तुरंत बरगंडा स्थित किराये के कमरे पर पहुंचा। वहां पहुंचने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया गया। किसी तरह दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर पूजा का शव दुपट्टे से बने फंदे से झूलता मिला। इसके बाद तुरंत नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई।मकान मालिक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि पूजा पिछले आठ महीनों से उनके मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। शनिवार सुबह पूजा की एक सहेली उससे मिलने आई थी, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसने इसकी जानकारी दी। इसी दौरान पूजा का भाई भी वहां पहुंच गया और दरवाजा तोड़ने के बाद घटना का खुलासा हुआ।सूचना मिलने पर नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और फिर शव को सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है