लोहरदगा  स्वतंत्रता सेनानी बुधन सिंह की 57वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को लोहरदगा में उन्हें श्रद्धा सम्मान और देशभक्ति के भाव के साथ नमन किया गया। लोहरदगा शहरी क्षेत्र के बुधन सिंह लेन में स्थापित उनकी प्रतिमा पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिला उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद, बुधन सिंह के पुत्र ओम प्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित रहे।श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बुधन सिंह के स्वजनों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि समाज के गणमान्य लोग और आम नागरिक शामिल हुए। सभी ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम स्थल पर देशप्रेम और सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।इस अवसर पर जिला उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महान सेनानियों का जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि बुधन सिंह ने देश की आज़ादी के लिए जिस साहस और समर्पण के साथ संघर्ष किया वह हमें राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।वहीं बुधन सिंह के पुत्र ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि उनके पिता ने अपना संपूर्ण जीवन देश और समाज के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि आज भी उनके विचार और संघर्ष हम सभी को सही दिशा दिखाते हैं। उन्होंने श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम सभी का दायित्व है कि उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए मिलकर प्रयास करें।श्रद्धांजलि कार्यक्रम से पूर्व बुधन सिंह के स्वजनों द्वारा पारंपरिक विधि-विधान से पूजा अर्चना की गई। इसके बाद आम और खास लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर देशहित में कार्य करने और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने महान स्वतंत्रता सेनानी को नमन करते हुए उनके बलिदान को सदा स्मरण रखने की बात कही।