चास (बोकारो):
चास नगर निगम महापौर चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही चुनावी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है। इस बार महापौर पद के लिए मुकाबला बेहद दिलचस्प नजर आ रहा है, क्योंकि राजनीति, समाजसेवा, शिक्षा और मीडिया से जुड़े कई चर्चित चेहरे मैदान में उतरने को तैयार हैं।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता एवं लोकप्रिय युवा समाजसेवी उमेश ठाकुर सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उनके नामांकन से चुनाव में राजनीतिक धार और तेज होने की उम्मीद है। वहीं बोकारो के वरिष्ठ पत्रकार गजेंद्र प्रसाद हिमांशु के बड़े भाई ने नामांकन पत्र खरीदा है और जानकारी दी कि सोमवार को गजेंद्र प्रसाद हिमांशु स्वयं अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

चास नगर निगम के प्रथम महापौर भोलू पासवान ने भी नामांकन पत्र खरीदते हुए पुष्टि की है कि वह सोमवार को अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर अपनी दावेदारी पेश करेंगे। इसके अलावा K M मेमोरियल के संस्थापक एवं निदेशक डॉ. विकास कुमार पांडे भी सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वे पूर्व सांसद स्वर्गीय रविंद्र पांडे के पुत्र हैं, जिससे उनके नाम को लेकर भी खास चर्चा है।

महिला प्रत्याशियों की बात करें तो निधि कुमारी, जो कि NIDHI LED की निदेशक एवं समाजसेवी हैं, मंगलवार को नामांकन दाखिल करेंगी। वहीं निमाई महतो, जो जयराम महतो की पार्टी से जुड़े समर्थित उम्मीदवार माने जा रहे हैं, उन्होंने भी नामांकन प्रपत्र खरीदा है।

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार अब तक महापौर पद के लिए कुल 16 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। इनमें मंजूर अंसारी, राजकुमार प्रदीप बर्मन, विनोद कुमार, अमर चौरसिया, प्रिया चौरसिया, सुनील कुमार महतो, अनिल कुमार वर्मा, अम्ब सिंह सहित कई नाम शामिल हैं। वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 116 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदा है।

कुल मिलाकर चास नगर निगम चुनाव में इस बार बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। आने वाले दिनों में नामांकन के बाद चुनावी समीकरण और भी साफ होंगे।