झरिया में नगर निकाय चुनाव को लेकर जाति प्रमाण पत्र और 1978 के खतियानी नियम को लेकर कई वार्डों के प्रत्याशियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। इसको लेकर अलग अलग वार्डों में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उबाल है।इसी कड़ी में वार्ड संख्या 34 की महिला आरक्षित सीट से प्रत्याशी मोनिका कुमारी के पति महेंद्र पासवान झरिया अंचल कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।महेंद्र पासवान का आरोप है कि वे पिछले 15 दिनों से जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अंचल कार्यालय का लगातार चक्कर लगा रहे हैं लेकिन अब तक उनकी पत्नी का जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पाया। प्रमाण पत्र नहीं मिलने के कारण उनकी पत्नी नगर निकाय चुनाव में नामांकन दाखिल नहीं कर सकीं, जिससे उन्हें चुनाव लड़ने से वंचित होना पड़ा।उन्होंने कहा कि जाति प्रमाण पत्र और 1978 के खतियानी नियम के नाम पर प्रत्याशियों को परेशान किया जा रहा है। अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं धरने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया है।