रामगढ़ झारखंड कर्मचारी चयन आयोग JSSC द्वारा 12 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड उत्पाद सिपाही लिखित परीक्षा को लेकर रामगढ़ जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा के सफल शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संचालन के लिए उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों के साथ परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिले में कुल 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां 9,384 परीक्षार्थी तीन पालियों में परीक्षा देंगे।उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दंडाधिकारी और केंद्र अधीक्षक इस पूरी प्रक्रिया की रीढ़ हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा नियमावली से जुड़ी सभी शंकाओं का समाधान पहले ही कर लें ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही सभी केंद्रों पर जैमर सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान फ्रिस्किंग प्रक्रिया को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया गया ताकि कोई भी परीक्षार्थी प्रतिबंधित सामग्री या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में न ले जा सके। इसके अलावा परीक्षा के बाद ओएमआर शीट और अन्य गोपनीय सामग्री को सुरक्षित तरीके से सील करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।लॉजिस्टिक्स और सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत दिशा निर्देश दिए गए जिसमें परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन और निगरानी व्यवस्था शामिल है।उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करने का निर्देश दिया। इस बैठक में उप विकास आयुक्त अपर समाहर्ता जिला स्तरीय अधिकारी पुलिस पदाधिकारी और केंद्र अधीक्षक सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।