पलामू पुलिस ने अवैध अफीम और शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में लाखों रुपये मूल्य की अफीम और भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई है। दोनों ही कार्रवाई सदर थाना पुलिस द्वारा की गई।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अफीम की एक बड़ी खेप की तस्करी होने वाली है। सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के रजवाडीह चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक ऑटो को रोककर तलाशी ली गई जिसमें दो व्यक्तियों के बैग से 800 ग्राम अफीम बरामद की गई।अफीम तस्करी के आरोप में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूचित भुइयां निवासी पथरा कला पांकी थाना क्षेत्र पलामू तथा कुलेंद्र भुइयां निवासी रिमी रामपुर, लावालौंग थाना क्षेत्र चतरा के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अफीम की यह खेप पंजाब भेजी जानी थी।इसी क्रम में एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने अवैध शराब की बड़ी खेप को भी जब्त किया। शराब की तस्करी पानी सप्लाई के इनवॉइस बिल के नाम पर की जा रही थी। पुलिस के अनुसार शराब की खेप रांची के लालपुर से खरीदी गई थी और इसे बिहार के औरंगाबाद इलाके में भेजने की तैयारी थी।शराब तस्करी के मामले में पुलिस ने सरोज प्रजापति निवासी ओरमांझी रांची तथा सुरेंद्र महतो, निवासी चान्हो को गिरफ्तार किया है।इस संबंध में राजीव रंजन ने बताया कि अफीम की तस्करी पंजाब में और शराब की तस्करी बिहार के औरंगाबाद क्षेत्र में की जानी थी। शराब की खेप के साथ पानी का फर्जी इनवॉइस बिल भी बरामद किया गया है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।इस कार्रवाई में डीएसपी राजीव रंजन के अलावा राजेश यादव इंस्पेक्टर सुरेश राम सदर थाना प्रभारी लालजी सब इंस्पेक्टर नीरज और एएसआई नबी अंसारी शामिल थे।