मानगो नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता ने पूर्व मंत्री श्री बन्ना गुप्ता के साथ झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन से रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार मुलाकात की।इस अवसर पर मेयर सुधा गुप्ता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन को पुष्पगुच्छ भेंट कर मानगो की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री की पत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन ने सुधा गुप्ता एवं बन्ना गुप्ता का मुंह मीठा कराकर बधाई दी।मुलाकात के दौरान मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि यह जीत मानगो की जागरूक जनता माताओं बहनों युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के विश्वास एवं समर्थन की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने जो भरोसा जताया है उस पर वे पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगी।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मेयर सुधा गुप्ता को जीत की बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार नगर निकायों के सशक्तिकरण और शहरी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने मानगो के सर्वांगीण विकास आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण स्वच्छता पेयजल सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।मुलाकात के दौरान सुधा गुप्ता ने मानगो क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं विशेष रूप से पेयजल संकट और कचरा निस्तारण से जुड़ी समस्याओं के साथ अन्य विकास योजनाओं का विस्तृत प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा और शीघ्र क्रियान्वयन हेतु सहयोग का आग्रह किया। इस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान का भरोसा दिलाया।पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि सुरक्षित स्वच्छ समृद्ध और विकसित मानगो का निर्माण ही उनका लक्ष्य है और इस दिशा में राज्य सरकार के मार्गदर्शन एवं सहयोग से तेजी से कार्य किया जाएगा।अंत में मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि यह जीत केवल उपलब्धि नहीं बल्कि जिम्मेदारी और सेवा का अवसर है और वे मानगो की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरे समर्पण के साथ कार्य करेंगी।