धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघदाहा दास टोला में सोमवार को पीसीसी सड़क निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में तब्दील हो गया। यह घटना श्मशान घाट जाने वाले रास्ते की है जहां विधायक फंड से सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।आरोप है कि सुनील दास कहीं जा रहे थे तभी बस्ती के ही अशोक दास देवाशीष दास धनकेश्वर दास समेत कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर दिया जिससे सुनील दास गंभीर रूप से घायल हो गए।शोरगुल सुनकर जब परिजन और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान गांव के मुखिया हरिचरण दास को चेहरे पर रॉड और चाकू से वार किया गया, जिससे वे बुरी तरह जख्मी हो गए। वहीं उनके पुत्र अनुज कुमार दास के गले पर चाकू से हमला किया गया। इस घटना में दो महिलाओं समेत कुल छह लोग घायल हुए हैं।सभी घायलों को इलाज के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार मुखिया हरिचरण दास की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें रेफर किए जाने की तैयारी चल रही है।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तोपचांची थाना प्रभारी अजय भारती ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर विवाद हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।