मधुपुर गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे शुक्रवार को मधुपुर के लालगढ़ मोहल्ला पहुंचे जहां वे मंदिर जीर्णोद्धार को लेकर हुए विवाद और हिंसा के पीड़ित परिवारों से मिले। सांसद ने पीड़ितों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और हिंसा की कड़ी निंदा की।पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि समाज में सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की हिंसा स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हर गांव में मंदिर बनेगा और सनातन परंपरा की रक्षा की जाएगी। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।सांसद के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। लालगढ़ मोहल्ले में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई थी और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। एहतियातन प्रशासन ने प्रेस को भी घटनास्थल पर जाने से रोक दिया ताकि किसी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।