रामगढ़ जिले के मांडू प्रखंड अंतर्गत मौजा मुरपा कुजू के रैयतों ने आज मांडू अंचल कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना प्रदर्शन कर जमीन विवाद को लेकर जोरदार विरोध जताया। इस दौरान रैयतों ने अंचल अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।रैयतों का आरोप है कि खाता संख्या 35 प्लॉट संख्या 1994 कुल रकबा 4.89 एकड़ जमीन उनके पूर्वज चुटरा अगरिया के नाम से खतियान में दर्ज है। बावजूद इसके जमीन की सही जांच और मापी नहीं की जा रही, जिससे उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।रैयतों ने आरोप लगाया कि ग्राम मुरपा निवासी अनिल मोदी पिता स्व. मदन गोपाल मोदी एवं काशीनाथ महतो पिता स्व. बढ़ो महतो द्वारा कथित रूप से जालसाजी कर उनकी जमीन हड़प ली गई है। इस मामले की जांच को लेकर वे लंबे समय से अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।धरना प्रदर्शन के दौरान रैयतों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर एक माह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आमरण अनशन पर बैठेंगे। इसके बाद भी समाधान नहीं निकलने की स्थिति में उन्होंने परिवार सहित आत्मदाह तक का अल्टीमेटम दिया है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी मांडू अंचल अधिकारी की होगी।धरनास्थल पर रैयतों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी अंचल प्रशासन को सौंपा और निष्पक्ष जांच एवं शीघ्र मापी की मांग की।