पोटका प्रखंड अंतर्गत हल्दीपोखर पश्चिम पंचायत की ओर से कम्युनिटी हॉल में प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन के सहयोग से एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य सबीना खातून एवं वार्ड सदस्य तमन्ना प्रवीण ने बताया कि हल्दीपोखर पश्चिम पंचायत में अब तक कभी रक्तदान शिविर का आयोजन नहीं हुआ था। इसी कमी को महसूस करते हुए उन्होंने प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन के अरिजीत सरकार से संपर्क किया और पंचायत स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया जिसे आज सफलतापूर्वक साकार किया गया।पंचायत समिति सदस्य सबीना खातून ने अपने संबोधन में कहा कि जरूरतमंदों के लिए बार बार ब्लड बैंक से रक्त लेने के दौरान उन्हें आत्मग्लानि महसूस होती थी। इसी अनुभव ने उन्हें पंचायत में रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए प्रेरित किया ताकि जरूरतमंदों को सम्मान और गर्व के साथ रक्त उपलब्ध कराया जा सके।शिविर के आयोजन में वार्ड सदस्य तमन्ना प्रवीण उप मुखिया शाहिद परवेज ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं पंचायत के पूर्व मुखिया सैयद जबीउल्ला सहित ग्राम पंचायत के सभी सदस्यों ने सहयोग कर कार्यक्रम को सफल बनाया। शाफिकुल हक चंदन आमिर एवं सोहेल ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन के अरिजीत सरकार ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह का रक्तदान शिविर आयोजित होना अत्यंत सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजनों से समय पर जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराना संभव हो पाता है और समाज में जागरूकता बढ़ती है।कार्यक्रम में अतिथि के रूप में समाजसेवी निखिल मंडल सोमेन मंडल सतीश सरदार सुबोध सरदार मोहम्मद अबाजुद्दीन नूरुद्दीन अजहर अकरम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।