देवघर19 और 20 फरवरी को दिल्ली में आयोजित होने वाली ग्लोबल AI इंपैक्ट समिट को लेकर आज देवघर स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया STPI में प्री समिट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे शामिल हुए। मौके पर STPI के डायरेक्टर आधार के अध्यक्ष प्रिज्मए AI के डायरेक्टर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।प्री-समिट को संबोधित करते हुए सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि ग्लोबल AI इंपैक्ट समिट का यह चौथा संस्करण है और इस बार इसका आयोजन भारत में किया जा रहा है जो देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में पूरे देश में प्री-समिट आयोजित किए जा रहे हैं और देवघर जैसे छोटे शहर में इस तरह का आयोजन होना विशेष उपलब्धि है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने और इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस AI की अहम भूमिका होगी। AI के क्षेत्र में भारत किस तरह वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ रहा है और युवाओं को इससे कैसे जोड़ा जा रहा है, यह देश के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत AI के क्षेत्र में दुनिया में अग्रणी देश बनेगा।सांसद ने कहा कि देवघर जैसे छोटे स्थान पर STPI की मौजूदगी किसी वरदान से कम नहीं है। इससे आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को आईटी सेक्टर में नई पहचान मिल रही है और भविष्य में यहां के युवा देश विदेश में काम करते नजर आएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि STPI के सेकंड फेज का काम बहुत जल्द शुरू होने वाला है जिसमें सुपर कंप्यूटर सहित अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।इस प्री समिट से STPI के छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्रों ने बताया कि उन्हें AI के बारे में काफी नई जानकारियां मिलीं और उन्हें उम्मीद है कि भारत आने वाले समय में AI के क्षेत्र में पूरी दुनिया में अव्वल रहेगा।