गिरिडीह पचंबा थाना क्षेत्र के चैताडीह गांव में शुक्रवार की देर शाम बच्चों के बीच क्रिकेट खेलते समय हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। कहासुनी से शुरू हुई तकरार देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई जिसमें एक पक्ष के दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों की पहचान नियाज और रजा के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों ने आनन फानन में दोनों को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। मारपीट के दौरान दोनों बच्चों के सिर पर गहरी चोटें आई हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार बच्चे खेल के जोश में थे और किसी छोटी बात को लेकर आपस में उलझ गए। विवाद बढ़ता गया और दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए जिसके बाद कहासुनी मारपीट में बदल गई। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया। पड़ोसियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की लेकिन स्थिति काबू में नहीं आ सकी।घटना की सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस सक्रिय हुई। इंस्पेक्टर मंटू कुमार और थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में ले लिया है। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह का तनाव न फैले।थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए हालात पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।