रामगढ़ उपायुक्त कार्यालय में शुक्रवार को जिला मिलेट मिशन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने की।बैठक की शुरुआत में उपायुक्त ने जिला कृषि पदाधिकारी से जिला मिलेट मिशन समिति की पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में किए गए कार्यों की जानकारी ली। इसके पश्चात जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा मिलेट मिशन के तहत जिले में संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।बैठक के दौरान उपायुक्त ने रामगढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में किसानों द्वारा लगाए गए मोटे अनाज मिलेट्स की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान बेहतर कार्य करने वाले किसानों को प्रोत्साहन राशि देने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।जिला कृषि पदाधिकारी ने उपायुक्त को जानकारी दी कि रामगढ़ जिले में मिलेट सीड बैंक की स्थापना प्रस्तावित है जिसके लिए जिला स्तर पर एक आवेदन प्राप्त हुआ है। इस पर उपायुक्त ने आवेदन की गहन जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए मिलेट सीड बैंक की स्थापना को लेकर दिशा निर्देश दिए।इसके अलावा बेस्ट मिलेट ग्रोइंग फार्मर योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाना है। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि इसके लिए पांच आवेदन प्राप्त हुए हैं जिनमें किसान रेखा देवी द्वारा उल्लेखनीय कार्य किया गया है। इस पर उपायुक्त ने रेखा देवी का नाम राज्य स्तर पर भेजने का निर्देश दिया।बैठक में उप विकास आयुक्त जिला कृषि पदाधिकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी उप परियोजना निदेशक आत्मा डीडीएम नाबार्ड सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।