धनबाद नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। गुरुवार को पूर्व मेयर एवं मेयर पद के प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल ने समाहरणालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।नामांकन से पूर्व चंद्रशेखर अग्रवाल ने झरिया स्थित श्याम मंदिर से अपने समर्थकों के साथ भव्य रैली निकाली। रैली झरिया से धनसार होते हुए शक्ति मंदिर पहुंची इसके बाद नया बाजार राजेंद्र सरोवर सिटी सेंटर होते हुए मेमको मोड़ तक गई। मेमको मोड़ से चंद्रशेखर अग्रवाल पैदल ही समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचे जहां उन्होंने नामांकन प्रक्रिया पूरी की।रैली के दौरान जगह जगह समर्थकों ने फूल मालाओं और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। पूरे शहर में चुनावी माहौल उत्साहपूर्ण नजर आया।मीडिया से बातचीत में चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि अपने पूर्व कार्यकाल में उन्होंने धनबाद की जनता के हित में कई विकास कार्य किए हैं जिन्हें शहर की जनता भली-भांति जानती है। उन्होंने विश्वास जताया कि उन्हीं कार्यों के आधार पर जनता एक बार फिर उन्हें सेवा का अवसर देगी।उन्होंने आगे कहा कि यदि जनता का समर्थन मिला और वे दोबारा मेयर चुने गए तो धनबाद के समग्र विकास के लिए पहले से भी अधिक मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाएगा।