धनबाद सदर अस्पताल परिसर के भीतर स्थित एक महत्वपूर्ण मार्ग को बंद किए जाने के विरोध में धनबाद बार एसोसिएशन गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चला गया है। अधिवक्ताओं के पेन डाउन आंदोलन के कारण धनबाद कोर्ट परिसर में न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे न्यायालय आने वाले आम वादकारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बार एसोसिएशन के अनुसार सदर अस्पताल परिसर से होकर बार भवन तक आने जाने का यह मार्ग वर्षों से अधिवक्ताओं के आवागमन और वाहन पार्किंग के लिए उपयोग में था। हाल ही में जिला प्रशासन द्वारा उक्त रास्ते पर बाउंड्री वॉल का निर्माण कर उसे पूरी तरह बंद कर दिया गया जिससे अधिवक्ताओं के साथ साथ आम नागरिकों को भी गंभीर असुविधा हो रही है।रास्ता बंद किए जाने के विरोध में बुधवार को धनबाद बार एसोसिएशन से जुड़े सभी अधिवक्ताओं ने कोर्ट परिसर से रणधीर वर्मा चौक तक जोरदार विरोध मार्च निकाला था। इस दौरान अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने से अधिवक्ताओं में आक्रोश और बढ़ गया।अधिवक्ताओं का कहना है कि बार एसोसिएशन भवन इसी मार्ग से सीधे जुड़ा हुआ है। रास्ता बंद होने से अधिवक्ता न्यायालय आने वाले वादकारी बुजुर्ग और महिलाएं पार्किंग एवं आवागमन को लेकर गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। बार एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे को लेकर जिला प्रशासन से कई बार बातचीत की गई लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।इस संबंध में बार एसोसिएशन के महासचिव जितेंद्र कुमार ने कहा कि अधिवक्ता हमेशा कानून व्यवस्था और प्रशासन का सहयोग करते आए हैं लेकिन इस मामले में प्रशासन का रवैया निराशाजनक रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक रास्ता बहाल कर पार्किंग की स्थायी व्यवस्था नहीं की जाती तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।