धनबाद बार एसोसिएशन और पंचकर्म भवन के बीच रास्ते पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा रातों रात पक्की दीवार खड़ी किए जाने के विरोध में गुरुवार से हड़ताल पर गए धनबाद बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को एसएसपी प्रभात कुमार से मिले आश्वासन के बाद अपनी हड़ताल समाप्त कर दी है। इसके साथ ही शनिवार से धनबाद के सभी अधिवक्ता पुनः अपने नियमित कार्य पर लौट आएंगे।शुक्रवार शाम बार एसोसिएशन और एसएसपी के बीच हुई सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया। वार्ता में अधिवक्ताओं की आवाजाही सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर सहमति बनी।इस संबंध में धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गौस्वामी ने बताया कि एसएसपी के सार्थक प्रयास और ठोस आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि एसएसपी ने आश्वासन दिया है कि खड़ी की गई दीवार की जगह अस्थायी तौर पर एक गेट लगाया जाएगा जिससे अधिवक्ताओं का आना जाना फिलहाल पहले की तरह सुचारू रूप से हो सके।इसके साथ ही मुख्य सड़क से जस्टिस एस.पी. सिन्हा भवन तक एक पक्की सड़क के निर्माण का भी आश्वासन दिया गया है ताकि भविष्य में अधिवक्ताओं को स्थायी सुविधा मिल सके। वार्ता में अधिवक्ताओं के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल चिन्हित कर निर्माण पर भी सहमति बनी है।वहीं वार्ता में मौजूद एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि उन्होंने बार एसोसिएशन भवन का निरीक्षण किया है जिससे यह प्रतीत होता है कि भवन की स्थिति संतोषजनक नहीं है। साथ ही सदर अस्पताल परिसर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण प्रस्तावित है। अधिवक्ताओं और अस्पताल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि अस्थायी रूप से दीवार तोड़कर गेट लगाया जाएगा। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद गेट हटाकर उस रास्ते को पुनः बंद कर दिया जाएगा।