रामगढ़ में साइबर ठगी का खुलासा
रामगढ़ झारखंड में साइबर ठगी
के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने रामगढ़ थाना पुलिस
के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए रामगढ़ शहर के वार्ड नंबर आठ स्थित पंजाबी
मुहल्ला से एक युवक को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार युवक की पहचान पंजाबी मुहल्ला
निवासी आशीष सिंह पिता नवीन सिंह के रूप में हुई है। इस मामले में कार्रवाई करने
पहुंचे वागले स्टेट पुलिस ठाणे सिटी के सब
इंस्पेक्टर महेश चौहान ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में 89 लाख रुपये की साइबर
ठगी का मामला दर्ज है।जांच के दौरान यह सामने आया कि ठगी की राशि का एक हिस्सा
आशीष सिंह के बैंक खाते में ट्रांसफर किया गया था। पुलिस के अनुसार, युवक के खाते में आई
रकम में से करीब 15 लाख रुपये को बैंक के माध्यम से होल्ड करा लिया गया है जबकि शेष राशि को अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिया गया था।पुलिस
इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि इस मामले
में अन्य लोगों की संलिप्तता पाई जाती है,
तो उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी। पंजाबी
मुहल्ला से गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र पुलिस द्वारा रामगढ़ थाने में आगे की कानूनी
प्रक्रिया पूरी की जा रही है।उल्लेखनीय है कि रामगढ़ शहर और पूरे जिले में साइबर
ठगी और सट्टा कारोबार से जुड़े गिरोहों की सक्रियता पहले भी सामने आती रही है।
इससे पूर्व भी कई मामलों में रामगढ़ से जुड़े साइबर अपराधियों के नाम उजागर हो
चुके हैं।















