चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र के लोगों का करीब तीन वर्षों का इंतजार अब खत्म हो गया है। नगर परिषद चुनाव को लेकर सोमवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन शुरू होते ही चिरकुंडा नगर परिषद कार्यालय परिसर में चुनावी हलचल तेज हो गई है और प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए पहुंचने लगे हैं।प्रशासन द्वारा नामांकन की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए नगर परिषद कार्यालय में कुल चार कमरों की व्यवस्था की गई है। इसमें वार्ड संख्या एक से छह सात से ग्यारह और बारह से सोलह तक के प्रत्याशियों का नामांकन नीचे तल्ले में लिया जाएगा। वहीं अध्यक्ष पद एवं वार्ड संख्या सत्रह से इक्कीस तक के प्रत्याशियों का नामांकन ऊपर तल्ले में किया जाएगा।प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनज़र कार्यालय परिसर में वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी है। प्रत्याशियों को अपने वाहन नगर परिषद परिसर के बाहर खड़ा कर पैदल अंदर प्रवेश करना होगा। साथ ही प्रत्याशी के साथ अधिकतम पांच लोगों को ही नामांकन कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई है।नामांकन शुल्क को लेकर भी दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। अध्यक्ष पद के लिए जो महिला के लिए आरक्षित है, नामांकन शुल्क ढाई हजार रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं पार्षद पद के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को एक हजार रुपये जबकि महिला अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति एवं ओबीसी 1 वर्ग के प्रत्याशियों को पांच सौ रुपये शुल्क जमा करना होगा।प्रशासन के अनुसार नामांकन पत्र प्रतिदिन सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक दाखिल किए जाएंगे। वहीं छह फरवरी को नामांकन पत्रों की वापसी की प्रक्रिया संपन्न होगी।नगर परिषद चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में चुनावी माहौल और भी गरमाने की उम्मीद जताई जा रही है।