चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।पुलिस को 9 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि नगवा गांव के जंगल में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बनाने और बेचने का काम चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।छापेमारी के दौरान विनोद दांगी के मुर्गी फार्म से भारी मात्रा में अवैध शराब और उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने Royal Stag, Signature और Royal Challenger ब्रांड की सैकड़ों बोतलें करीब 25 लीटर स्प्रिट खाली ड्रम और बोतलें, विभिन्न कंपनियों के ढक्कन और स्टीकर सीलिंग मशीन और केमिकल जब्त किए हैं।पुलिस के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क अवैध शराब निर्माण और पैकेजिंग से जुड़ा हुआ था। इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन कौन लोग शामिल हैं।