देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत खोरादों पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब झाड़ी से एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह कुछ महिलाएं शौच के लिए उस ओर गई थीं। इसी दौरान उन्हें तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब महिलाएं पास जाकर देखने लगीं तो झाड़ी में एक महिला का शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। महिलाओं ने तुरंत इसकी जानकारी अपने घरवालों को दी।परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि महिला का सिर कटा हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कुंडा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।पुलिस के अनुसार शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। आसपास के थानों में गुमशुदगी के मामलों से मिलान किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।घटना के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।