फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में प्रस्तावित चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बेरमो अंचलाधिकारी संजीत कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि नगर परिषद क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू है और अब तक कहीं से किसी भी तरह के आचार संहिता उल्लंघन की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।अंचलाधिकारी ने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। नगर परिषद क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। यदि किसी भी व्यक्ति या राजनीतिक दल द्वारा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया जाता है, तो राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आलोक में सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नगर क्षेत्र में जितने भी लाइसेंसधारी हथियार धारक हैं वे अपने हथियार संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से जमा कर दें। निर्धारित समय के भीतर हथियार जमा नहीं करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके और मतदाता निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।