पंजाब की दो यूनिवर्सिटीज में अफवाह से बवाल, ‘भूत’, रेप और सुसाइड की खबरों ने बढ़ाया तनाव
पंजाब: पंजाब की दो निजी यूनिवर्सिटीज में सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। चिटकारा यूनिवर्सिटी में ‘भूत’ और छात्राओं के लापता होने की अफवाह से शुरू हुआ विवाद कुछ ही घंटों में हिंसक प्रदर्शन में बदल गया। इसके बाद लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में भी हालात बिगड़ने पर क्लासेज और परीक्षाओं को लेकर बड़े फैसले लेने पड़े। 25 सितंबर की रात चिटकारा यूनिवर्सिटी के कैंपस में छात्रों के व्हाट्सऐप और सोशल मीडिया ग्रुप्स पर कई तरह के मैसेज और वीडियो वायरल होने लगे। इनमें गर्ल्स हॉस्टल से चीखें सुनाई देने, दो छात्राओं के लापता होने और एक कमरे में कथित तौर पर ‘भूत’ होने का दावा किया गया। इन अफवाहों को साल 2019 में एक पूर्व छात्र की कथित आत्महत्या से भी जोड़कर देखा जाने लगा। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसे पैरानॉर्मल एक्टिविटी से जोड़कर प्रचारित किया गया। पंजाब पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर कुछ छात्रों ने स्पीकर पर हॉरर साउंड बजाया था। इसके बाद हॉस्टल में डर और अफवाह का माहौल बन गया। वार्डन ने कमरों की जांच की, लेकिन वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे तेजी से फैलते रहे। कुछ छात्रों ने यह भी दावा किया कि 24 सितंबर की सुबह कैंपस में एक एंबुलेंस आई थी। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्पष्ट किया कि एंबुलेंस एक छात्रा को अस्पताल से वापस लाने के लिए आई थी और कैंपस में किसी छात्रा की मौत नहीं हुई थी। इसी तरह सोशल मीडिया पर ‘पंडित जी’ के गर्ल्स हॉस्टल पहुंचने की बात भी कही गई। यूनिवर्सिटी ने बताया कि वह व्यक्ति किसी छात्रा के पिता थे। 25 सितंबर की देर रात सैकड़ों छात्र कैंपस में जमा हो गए और प्रशासन से पूरे मामले पर जवाब मांगने लगे। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पुलिस की दो गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और यूनिवर्सिटी की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने यह भी कहा कि जिन छात्रों की ओर से दो छात्राओं के लापता होने का दावा किया जा रहा था, उनके पास कथित तौर पर छात्राओं के नाम, तस्वीर या रोल नंबर तक की जानकारी नहीं थी। इसके बाद लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में भी तनाव की स्थिति बनी। यूनिवर्सिटी ने 10 दिनों के लिए कक्षाएं स्थगित कर दीं और मिड-टर्म परीक्षाएं भी टाल दीं। कैंपस में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और छात्रों को घर जाने की अनुमति दी गई। इस पूरे घटनाक्रम ने यह सवाल भी खड़ा किया है कि सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के फैलने वाली अफवाहें कितनी तेजी से बड़े विवाद और हिंसा का रूप ले सकती हैं।चिटकारा यूनिवर्सिटी में कैसे फैली ‘भूत’ की अफवाह?
पुलिस ने बताई अफवाह की वजह
अफवाह से हिंसक हुआ प्रदर्शन
LPU में भी बढ़ा तनाव















