छपरा: बिहार से गुजरने वाली जनसेवा एक्सप्रेस में यात्रियों से सांप दिखाकर पैसे मांगने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, ट्रेन के सामान्य डिब्बे में कुछ लोग यात्रियों के सामने सांप दिखाकर उनसे पैसे की मांग कर रहे थे। इस दौरान कई यात्री डर के कारण पैसे देने को मजबूर हुए। मामले की सूचना रेलमदद के जरिए रेलवे पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद आरपीएफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया।

यह घटना पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के सोनपुर मंडल के अंतर्गत चलने वाली ट्रेन संख्या 14618 जनसेवा एक्सप्रेस में हुई। सूचना मिलने के बाद दिघवारा स्थित सोनपुर चौकी की आरपीएफ टीम ने ट्रेन की निगरानी शुरू की। छपरा स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के बाद आरपीएफ कर्मियों ने सामान्य डिब्बों की जांच की। इसी दौरान छह लोगों को यात्रियों के बीच सांप दिखाते और उनसे पैसे मांगते हुए पाया गया।

आरपीएफ ने सभी छह लोगों को उनकी गतिविधि के संबंध में जानकारी दी और ट्रेन के अगले निर्धारित ठहराव दिघवारा स्टेशन पर उन्हें ट्रेन से उतार लिया। कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर शमशेर कुमार और सहायक सब-इंस्पेक्टर विजय कुमार समेत आरपीएफ कर्मी शामिल थे। पूछताछ के दौरान पकड़े गए लोगों ने अपने नाम और पते स्पष्ट रूप से नहीं बताए। उन्होंने अपने ठिकाने के संबंध में अलग-अलग जानकारी दी, जिसमें लखनऊ और हिमाचल प्रदेश का भी उल्लेख किया गया। फिलहाल उनके नाम और पते का सत्यापन किया जा रहा है।

पूर्व मध्य रेलवे की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के अनुसार, मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सांपों से संबंधित पहलुओं को देखते हुए वन विभाग से भी समन्वय किया जा रहा है। मामले में लागू कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेनों में इस तरह की गतिविधि दिखाई देने पर वे खुद किसी तरह की कार्रवाई करने के बजाय तत्काल रेलवे अथवा रेलमदद के माध्यम से सूचना दें। रेलवे के अनुसार, यात्रियों को सांप दिखाकर पैसे मांगना गैरकानूनी गतिविधि है और ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर कार्रवाई की जाएगी।