बेटे को कांवड़ लाने भेजा, पति को नींद की गोली देकर गला घोंटा, करंट भी लगाया; पत्नी और दोस्त गिरफ्तार
नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के संगम विहार में 55 वर्षीय बिल्डर मुन्ना लाल की हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी रश्मी (बदला हुआ नाम) और उसके दोस्त चमन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पैसों और घरेलू विवाद के चलते पत्नी ने पति की हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि रश्मी ने अपने बेटे को कांवड़ लाने के लिए बाहर भेज दिया, ताकि घर में मुन्ना लाल अकेले रह जाएं। इसके बाद नींद की गोलियां देकर उन्हें बेहोश किया गया और फिर गला घोंटने के साथ करंट लगाकर उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, रश्मी और चमन ने मुन्ना लाल की हत्या के लिए 5 लाख रुपये में सौदा किया था। वारदात वाले दिन चमन को कथित तौर पर 20 हजार रुपये भी दिए गए थे। DCP अनंत मित्तल के मुताबिक, मुन्ना लाल बिल्डिंग निर्माण का काम करते थे और अच्छी कमाई करते थे। पूछताछ में रश्मी ने कथित तौर पर बताया कि पति उसे खर्च के लिए पर्याप्त पैसे नहीं देते थे। दोनों के बीच पैसों और घरेलू मामलों को लेकर अक्सर विवाद होता था। इसी दौरान रश्मी की चमन से दोस्ती हुई और दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, मुन्ना लाल के तीन बच्चे हैं। उनका एक बेटा पिता के काफी करीब था और अक्सर उनके साथ रहता था। आरोप है कि रश्मी ने जानबूझकर बेटे को कांवड़ लाने के लिए घर से बाहर भेज दिया। बेटे के घर पर नहीं होने का फायदा उठाकर कथित तौर पर हत्या की साजिश को अंजाम दिया गया। जांच में चमन के दोस्त किशन की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने उसे मामले में पाबंद किया है। पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को चमन ने रश्मी को नींद की गोलियां दी थीं। रश्मी ने गोलियों को पीसकर कथित तौर पर अपने पति को खिला दिया। मुन्ना लाल के बेहोश होने के बाद दोनों ने उन पर हमला किया। आरोप है कि पहले उनकी पिटाई की गई, फिर रस्सी से गला घोंटा गया और करंट भी लगाया गया। हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए घर को अस्त-व्यस्त किया गया और चोरी की झूठी कहानी तैयार करने की कोशिश की गई। रश्मी ने पुलिस को कथित तौर पर बताया था कि रात में चोर घर में घुसे थे और बाहर आने पर उसने अपने पति को जमीन पर पड़ा देखा। हालांकि पुलिस को उसकी कहानी पर संदेह हुआ। जांच के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें एक नकाबपोश व्यक्ति रात करीब 1:45 बजे घर में प्रवेश करता और करीब 3:15 बजे बाहर निकलता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने रश्मी से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद कथित तौर पर हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।5 लाख रुपये में हत्या की सुपारी देने का आरोप
बेटे को कांवड़ के लिए भेजा, फिर रची साजिश
नींद की गोलियां खिलाकर हत्या
CCTV ने खोली साजिश की परत














