रांची: राजधानी रांची में वाहन नंबर के गलत इस्तेमाल का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नयाटोली, अरगोड़ा निवासी 69 वर्षीय केदार नाथ प्रसाद का आरोप है कि उनकी कार का नंबर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्कूटी पर इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके कारण स्कूटी चालक द्वारा ट्रैफिक नियम तोड़ने पर चालान उनकी कार के नाम पर पहुंच रहा है।केदार नाथ प्रसाद के मुताबिक, पिछले करीब एक साल में उनकी कार के नाम पर चार बार हेलमेट नहीं पहनने का चालान आ चुका है। उनका कहना है कि उनकी कार उनके पास है और वह नियमित रूप से घर पर रहती है, इसके बावजूद चालान में किसी स्कूटी की तस्वीर सामने आ रही है।

2 अगस्त को फिर आया चालान

केदार नाथ प्रसाद ने बताया कि हाल ही में 2 अगस्त को हेलमेट नहीं पहनने का चालान उनके नाम पर आया। इससे पहले 15 मई को भी इसी तरह का चालान मिला था। इसके अलावा दो अन्य चालान भी पहले आ चुके हैं।पूर्व में आए चालानों को काफी दौड़-भाग के बाद रद्द कराया गया था। अब दोबारा चालान आने से वह परेशान हैं। उनका कहना है कि किसी व्यक्ति द्वारा उनकी कार के नंबर का गलत इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।

ट्रैफिक एसपी से की शिकायत

मामले को लेकर केदार नाथ प्रसाद ने ट्रैफिक एसपी से शिकायत की है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर वाहन नंबर का गलत इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की पहचान और कार्रवाई की मांग की है।केदार नाथ प्रसाद रेलवे में स्टेशन अधीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हैं। उनका कहना है कि गलत चालान के कारण उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।अब सवाल यह है कि आखिर उनकी कार का नंबर किस स्कूटी पर इस्तेमाल किया जा रहा है और चालान जारी होने के दौरान वाहन की तस्वीरों का मिलान क्यों नहीं हो पाया। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।