नई दिल्ली: 15 अगस्त को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी दिल्ली में देशभक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस के नई दिल्ली जोन की ओर से शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा रैली निकाली गई।

विजय चौक से इंडिया गेट तक निकली रैली

दिल्ली पुलिस की विशेष तिरंगा रैली विजय चौक से शुरू होकर इंडिया गेट और कर्तव्य पथ तक पहुंची। रैली का उद्देश्य आम लोगों के बीच राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाना तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह में लोगों की भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।

रैली में दिल्ली पुलिस की 25 से अधिक PCR वैन और बड़ी संख्या में बाइक शामिल रहीं। पुलिसकर्मी हाथों में तिरंगा लेकर राजधानी की सड़कों पर निकले। विजय चौक से इंडिया गेट तक पूरा मार्ग देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

पुलिसकर्मियों ने हाथों में थामा तिरंगा

रैली के दौरान पुलिसकर्मी तिरंगा लेकर आगे बढ़ते दिखाई दिए। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने भी इस देशभक्ति से भरे आयोजन में उत्साह दिखाया। पुलिस वाहनों और बाइक पर लहराते तिरंगे ने राजधानी के माहौल को खास बना दिया।

ACP रावत ने बताया रैली का उद्देश्य

दिल्ली पुलिस के ACP खड़क सिंह रावत ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आम जनता में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तिरंगा रैली आयोजित की गई।

उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश

ACP रावत ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ संदेश के अनुरूप आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और स्वतंत्रता दिवस को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।