4 अगस्त को होगी एनडीए की मंगल मिलन बैठक, भाजपा संसदीय दल ने जारी किया पत्र
नई दिल्ली: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की संसदीय दल की बैठक 'मंगल मिलन' मंगलवार, 4 अगस्त को आयोजित होगी। इस संबंध में भाजपा संसदीय दल की ओर से सभी सांसदों के लिए आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। जारी पत्र के अनुसार, राजग (एनडीए) संसदीय दल की बैठक सुबह 9:30 बजे संसद भवन के ग्रंथालय स्थित जी.एम.सी. बालायोगी सभागार में आयोजित की जाएगी। एनडीए के सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों से निर्धारित समय से पहले पहुंचकर बैठक में शामिल होने का अनुरोध किया गया है। एनडीए संसदीय दल की बैठक संसद के प्रत्येक सत्र के दौरान परंपरागत रूप से हर मंगलवार आयोजित होती रही है। हालांकि इस बार इन बैठकों को 'मंगल मिलन' नाम दिया गया है। गठबंधन का कहना है कि इस नाम के माध्यम से नियमित संसदीय बैठकों को एक सांस्कृतिक और संगठनात्मक पहचान देने का प्रयास किया गया है। इस सत्र के दौरान 21 जुलाई को पहली बार 'मंगल मिलन' बैठक आयोजित की गई थी। इसके बाद 28 जुलाई को दूसरी बैठक हुई, जिसमें विभिन्न दलों के सांसद शामिल हुए। 28 जुलाई की बैठक में पहली बार एनसीपीआई के सांसद भी शामिल हुए। इनमें काकोली घोष, शताब्दी रॉय और सायनी घोष शामिल थीं, जो पहले तृणमूल कांग्रेस से जुड़ी रही हैं। बैठक के बाद सांसद काकोली घोष ने कहा था कि इस प्रकार की व्यवस्थित संसदीय बैठक उन्होंने पहले नहीं देखी थी और एनडीए के साथ काम करके उन्हें खुशी हो रही है। वहीं शताब्दी रॉय ने बैठक की सराहना करते हुए कहा था कि इसमें संसद में आने वाले विधेयकों, सरकार की योजनाओं और देश के विकास के विजन पर विस्तार से चर्चा हुई।हर मंगलवार होती है बैठक
21 जुलाई को हुई थी पहली 'मंगल मिलन' बैठक
28 जुलाई की बैठक रही चर्चा में














