पाकुड़: अमड़ापाड़ा बाजार स्थित वर्षों से बंद पड़े सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को पुनः चालू करने और मुख्य मार्ग की जर्जर सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग को लेकर सोमवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के जिला सचिव मो. जहांगीर अंसारी ने दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन उपायुक्त मेघा भारद्वाज को सौंपा।

24 घंटे स्वास्थ्य सेवा बहाल करने की मांग

सौंपे गए आवेदन में अस्पताल में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने, महिला एवं पुरुष चिकित्सकों की नियुक्ति, पर्याप्त संख्या में नर्स, कंपाउंडर तथा एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

आवेदन में कहा गया है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के फतेहपुर स्थानांतरित होने के बाद अमड़ापाड़ा बाजार समेत आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। विशेषकर रात के समय गर्भवती महिलाओं, सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों और गंभीर रूप से बीमार लोगों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता, जिससे उनकी परेशानी और जोखिम दोनों बढ़ जाते हैं।

सीएसआर फंड से अस्पताल शुरू करने का सुझाव

मो. जहांगीर अंसारी ने सुझाव दिया कि यदि सरकारी स्तर पर संसाधनों की कमी है तो क्षेत्र में कार्यरत बीजीआर माइनिंग और डीबीएल के कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) फंड के माध्यम से अस्पताल को दोबारा संचालित करने की पहल की जाए, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

मुख्य सड़क निर्माण की भी उठाई मांग

प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के समक्ष अमड़ापाड़ा मुख्य मार्ग की जर्जर सड़क के शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत की मांग भी रखी। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण आवागमन में भारी परेशानी होती है और बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा

मोर्चा के वरिष्ठ नेता मार्क बास्की ने कहा कि संगठन जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाता रहेगा और आम लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

इस अवसर पर जिला महासचिव इलियास हांसदा, समाजसेवी मो. आरिफ आलम सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने अस्पताल को पुनः चालू करने और सड़क निर्माण की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि इन दोनों समस्याओं के समाधान से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।