दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र के आया नगर में 15 से 20 राउंड फायरिंग कर जिम ट्रेनर विजय की हत्या कर दी गई
नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र के आया नगर गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। बदमाशों ने एक जिम ट्रेनर को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे आया नगर गांव में अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की। गोलीबारी में जिम ट्रेनर विजय गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमलावर स्कॉर्पियो वाहन से मौके पर पहुंचे थे। जिम ट्रेनर को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस के साथ क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स अस्पताल भेज दिया है। वारदात के बाद इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आया नगर गांव में SSB के जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही हमलावरों की तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आया नगर गांव में इससे पहले भी फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ महीने पहले भी इलाके में ताबड़तोड़ गोलियां चली थीं। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।स्कॉर्पियो से पहुंचे थे हमलावर
मौके पर पहुंची क्राइम और FSL टीम
इलाके में तैनात किए गए SSB जवान














