सोनुआ में धूमधाम से पूजे गए विघ्नहर्ता, संजय नदी से पवित्र जल लाकर हुई कलश स्थापना
चाईबासा: सोनुआ प्रखंड के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को गणेश उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। विभिन्न पूजा पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। गणेश पूजा की शुरुआत सोनुआ के मधूपुर स्थित संजय नदी के तट पर हुई। यहां पंडित के नेतृत्व में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद नदी से पवित्र जल कलश में भरकर पूजा स्थल तक लाया गया और धार्मिक अनुष्ठान के साथ कलश स्थापना की गई। पूजा पंडालों में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमाओं के समक्ष श्रद्धालुओं ने धूप, दीप, फल-फूल, वस्त्र और नैवेद्य अर्पित किए। विघ्नहर्ता भगवान गणेश को प्रिय लड्डू का भोग भी लगाया गया। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गणेशोत्सव को लेकर सुबह से ही सोनुआ के स्थानीय बाजारों में चहल-पहल रही। पूजन सामग्री, फल-फूल और प्रसाद की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बाजारों में जुटी रही। पर्व को लेकर बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। प्रखंड के प्रमुख स्थानों पर बनाए गए पूजा पंडालों में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। सोनापोस (पूर्व जगन्नाथ कॉलोनी), चेकनाका, ब्लॉक कॉलोनी, रेलवे स्टेशन परिसर, प्रधान बस्ती और निश्चिंतपुर स्थित दीन दयाल शिशु विद्या मंदिर के पूजा पंडालों में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। गणेश उत्सव के दौरान पूरे सोनुआ क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।संजय नदी से लाया गया पवित्र जल
पूजा सामग्री की खरीदारी को लेकर बाजारों में रही भीड़
विभिन्न पूजा पंडालों में उमड़े श्रद्धालु














